जानकारी के अनुसार सोमवार को महरुआ थाना क्षेत्र के बरहा गांव निवासी रामप्रसाद तिवारी पुत्र जियाराम तिवारी महरुआ बाजार स्थित क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखा से पैसा निकालने पहुंचे थे। वह बैंक से 25 हजार रुपए की निकासी की, इसके बाद साइकिल से घर के लिए चल पड़े।
करीब साढ़े 11 बजे वह थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव के पास पहुंचे थे तभी बाइक से पहुंचे दो सशस्त्र बदमाशों ने उन्हें गोली मार देने की धमकी देते हुए रोक लिया। इसके बाद असलहा दिखाते हुए पास मौजूद रकम देने की बात कही। उन्होंने भयवश निकासी की गई 25 हजार रुपए की रकम बदमाशों को दे दी।
बदमाश शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते फरार हो गए। उधर से गुजर रहे एक राहगीर को रामप्रसाद ने रोक कर अपनी आफबीती बतायी। इसके बाद राहगीर की मोबाइल से घटना की सूचना महरुआ पुलिस को दी। एसओ विजय मिश्र ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। छानबीन कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।