हजपुरा (अंबेडकरनगर)। सम्मनपुर थानाक्षेत्र के मैनुद्दीनपुर रूकुनुद्दीनपुर गांव में आधी रात असलहा लेकर घर में घुसे दो बदमाशों ने बॉक्स का ताला तोड़ उसमें रखे जेवरात लूट लिये। इसके बाद बदमाश दूसरे घर को निशाना बनाने पहुंचे। इस दौरान जाग गए घर के मालिक शोर मचाना शुरू किया तो बदमाश उस पर तमंचा तान कर भाग निकले। शोर सुन कर जुटे ग्रामीणोंं ने कुछ दूरी पर धान के खेत में घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ कर पेड़ से बांध कर जमकर पीटा। जबकि दूसरा बदमाश मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस को बदमाश के पास से चोरी किए जेवर के साथ तमंचा व कारतूस बरामद हुए।
गांव निवासी पार्वती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात वह घर में सो रही थी। आधी रात के बाद घर में घुसे दो बदमाशों ने तमंचा लहराते हुए घर में रखे बॉक्स का ताला तोड़ उसमें रखे हजारों रुपये कीमत के आभूषण लूट लिए। इसके बाद बदमाश चंद दूरी पर स्थित दीपांशु के घर में घुस गए। वहां बदमाश बॉक्स का ताला तोड़ रहे थे। तभी खटपट की आहट सुन दीपांशु जाग कर शोर मचाने लगा। बदमाश उस पर तमंचा तान कर भागने लगे।
शोर सुनकर जुटे गांव के लालजी प्रसाद, श्याम बिहारी,रामपाल, हरिराम, विक्रम, रामअवतार, अशोक कमुार, राम महेश, इंद्रेश, निर्मल आदि ने दोनों बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। बचने के लिए बदमाश गांव से करीब धान के एक खेत में छिप गए। लाठी-डंडे व टार्च लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने धान के खेत को चारों तरफ से घेर कर खोजबीन शुरू की। इस दौरान एक बदमाश भाग निकला। जबकि दूसरे बदमाश ने ग्रामीणों पर तमंचा तान कर डराने की कोशिश की। इसके बावजूद हिम्मत दिखाते हुए ग्रामीणों ने बदमाश को दबोच कर पिटाई करने के बाद पेड़ से बांध दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के बाद पकड़े गए बदमाश की पहचान पहचान लखीमपुर खीरी जनपद के सिंगारी थानाक्षेत्र के श्यामनगर टांडा गांव निवासी अंजान अली उर्फ अली शेर के रूप में हुई। थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद पुलिस मौके से भागे दूसरे साथी की तलाश में जुटी है।