अंबेडकरनगर। राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में रक्तदान के लिए संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पीके सिंह ने कहा कि मानव जीवन में रक्तदान सबसे पुनीत कार्य है। युवाओं को इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए।
उप प्राचार्य डॉ. आरके मौर्य ने रक्तदान के लाभ के बारे में भी समझाया। कहा कि यह शरीर के लिए लाभकारी है। इससे पहले प्राचार्य व उप प्राचार्य ने भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा के समक्ष दीपार्चन व पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। रक्तकोष प्रभारी डॉ. मनोज गुप्त ने रक्तकोष विभाग में सहयोग करने वाली संस्थाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। बताया कि अब मेडिकल कॉलेज रक्तकोष विभाग में ब्लड के चार अलग-अलग कंपोनेंट की सुविधा भी उपलब्ध है, इसके लिए अब मरीज को जनपद से बाहर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी।
सर्वश्रेष्ठ रक्तदाता सम्मान से टांडा के अनीस अहमद, जलालपुर के शैलेंद्र वर्मा, अकबरपुर के रविद्रं राजभर, यूथ ऑइकान प्रवीण कुमार गुप्त को सम्मानित किया गया। इसके अलावा अमर उजाला फाउंडेशन, युवक मंगल दल-ब्राहिमपुर कुशमा, नरेंद्र देव स्पोर्ट्स क्लब फाउंडेशन, एचडीएफसी बैंक शाखा टांडा, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन, गाजी फाउंडेशन, जनहित समाज कल्याण सेवा संस्थान, भारतीय जनता पार्टी, प्रेमा राधे मेमोरियल एजुकेशनल ट्रस्ट, सक्षम संस्था, उर्मिला सुमन-द फाउंडेशन, पुलिस अधीक्षक, पंख संस्था, ग्राम प्रधान-हुसैनपुर सुधाना, संत निरंकारी चैरिटेबल ट्रस्ट को रक्तदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिला युवा कल्याण अधिकारी अखंड प्रताप, आरआई त्रिभुवननाथ द्विवेदी, मुराद अली, राजन सुमन, अंबिका जायसवाल, संध्या राजभर, अजय सिंह, विनोद वर्मा, दीपक नाग, दिलीप गुप्ता, कन्हैयालाल वर्मा आदि मौजूद रहे।