अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें टीबी, शुगर, थायराइड, ब्लड प्रेशर समेत कई अन्य प्रकार की जांच की गई। साथ ही मरीजों को दवा दी गई।
साथ ही टीकाकरण भी हुआ। मेले में आए लोगों से कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अत्यंत एहतियात बरते जाने की सलाह भी दी गई।
शासन के निर्देश पर प्रत्येक रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के आयोजन का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन हुआ, जिसमें न सिर्फ विभिन्न प्रकार की जांच हुई, बल्कि जरूरी दवाएं भी दी गईं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर, मालीपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ेपुर, कासिमपुर, धरौरा में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। सीएचसी जलालपुर के प्रभारी डॉ. जावेद आलम ने बताया कि आरोग्य मेले में बच्चों का वजन किया गया। साथ ही शुगर, टीबी, बीपी, थायराइड, कोविड-19 की जांच की गई।
इसके साथ ही गर्भवती को टीका भी लगाया गया। पीएचसी मुडेरा में डॉ. आमिर अब्बास की देखरेख में आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान 105 ग्रामीणों की जांच हुई। इसके अलावा कटेहरी, जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुुर, भीटी, महरुआ, हजपुरा आदि क्षेत्रों में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन कर जांच की गई। साथ ही दवा दी गई। अकबरपुर में इल्तिफातगंज रोड स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। डॉ. हेमंत ने बताया कि मेले में बच्चों का वजन के साथ ही टीकाकरण भी किया गया।