भीटी। क्षेत्र के टेमा गांव में बुधवार को एक निर्माणाधीन मकान की छत पर काम करते समय राजमिस्त्री राम आशीष नीचे गिर गए थे। बृहस्पतिवार भोर में इलाज के उनकी दौरान मौत हो गई।
गोविंदपुर कुंडवा निवासी राम आशीष (50) राजमिस्त्री थे। बुधवार की सुबह टेमा गांव के राम उजागिर निषाद के यहां निर्माण कार्य करने गए थे। तख्ते पर खड़ा होकर सीढि़यों की गुमटी की दीवार की चुनाई कर रहे थे। शाम चार बजे के करीब चिनाई खत्म करके वह तख्ते से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान नियंत्रण खो बैठे और बगल स्थित अनिल निषाद के घर की जल निकासी के लिए बनी नाली पर गिर गए।
हादसे में उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन परिजन उन्हें लेकर जिला मुख्यालय स्थित निजी चिकित्सालय पहुंचे। जहां इलाज के बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया। रात 11 बजे के करीब उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई। बृहस्पतिवार की भोर सहनीय पीड़ा होने के बाद परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीटी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पति की मौत से पत्नी सिताबा देवी अचेत हो गईं। दो संतानों में बड़े बेटे राहुल का विवाह हो चुका है। बेटी साधना अविवाहित है। पिता की मौत से बेटी का रो-रोकर हाल बेहाल है। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।