जलालपुर थाना क्षेत्र के सेमरा एकडंगा दुलहूपुर निवासी मथुरा प्रसाद सिंह सोमवार सुबह अपने पुत्र राकेश सिंह के साथ रफीगंज बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से रुपये निकालने गए थे। बैंक से उन्होंने दो लाख रुपए निकाले।
इसके बाद अखंडनगर थाना क्षेत्र के बनगांव में ब्याही अपनी नतिनी के घर रुपये देने के लिए पुत्र के साथ बाइक से निकल पड़े। वहां शादी का आयोजन है, जिसमें उनसे आर्थिक मदद मांगी गई थी।
बैंक से रकम निकालने के बाद पिता-पुत्र जलालपुर थाना क्षेत्र के भस्मा गांव के पास दिन में डेढ़ बजे पहुंचे थे कि इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां आ पहुंचे। बाइक चला रहे बदमाश के अलावा पीछे बैठे दोनों अन्य बदमाश नकाबपोश थे।
बदमाशों ने अपनी बाइक राकेश की बाइक से सटा दिया और चलती बाइक से ही मथुरा प्रसाद से बैग छीन लिया। पिता-पुत्र जब तक कुछ समझ पाते तब तक बदमाश ओवरटेक करते हुए सुरहुरपुर की तरफ भाग निकले।
पिता पुत्र ने गुहार करते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। बदमाशों का पीछा करने में विफल पिता-पुत्र जलालपुर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
राकेश ने जलालपुर पुलिस को अज्ञात बदमाशों के विरुद्घ तहरीर दे दी है। लोगों के अनुसार बदमाशों ने बैंक परिसर से ही पिता पुत्र का पीछा किया था। बैंक में यदि आकस्मिक चेकिंग व्यवस्था लागू की जाए तो इस तरह की घटना रोकी जा सकती है। एसओ एनके पाण्डेय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।