जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर के गोपरी चांदपुर गांव में शनिवार रात दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला को बंधक बना लिया और उसके जेवर व नगदी लूटकर भाग निकले। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
गांव निवासी लालमन पाल का परिवार गहरी नींद में था। रात करीब दो बजे दो अज्ञात नकाबपोश छत के सहारे घर में घुसे और सीधे सुमन को निशाना बनाया। महिला को बेड पर गिराकर मुंह दबाया, ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद बदमाशों ने महिला की पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। नकाबपोशों ने चेन, नाक की कील, पायल और अलमारी में रखे पांच हजार रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामान लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर चंद मिनटों में भाग निकले। घटना के समय लालमन पाल घर के बाहर सो रहे थे। अंदर से पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनकर दौड़े, लेकिन तब तक लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने भी घटनास्थल पर जांच की। जैतपुर थाना प्रभारी थीरेंद्र आजाद ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रारंभिक स्तर पर घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
-
हर रात पहरा, फिर भी नहीं थम रहा खौफ
पूर्व में हुई घटनाओं के कारण ग्रामीण रात में समूह बनाकर पहरा दे रहे थे, लेकिन अब गोपरी चांदपुर की ताजा घटना ने लोगों के भीतर भय को और गहरा कर दिया है। चौकसी के बावजूद अपराधी बेखौफ हैं। अब गांव में हर रात डर का माहौल है, लोग सोते कम हैं और चौकसी ज्यादा करते हैं।