अंबेडकरनगर। दहेज के लिए ससुरालियों ने विवाहिता को जलाकर मार डाला। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बनगांव डिहवा निवासी विवाहिता को पति ने परिवारीजनों के साथ मिलकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता की तहरीर पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने पति समेत चार व्यक्तियों के विरुद्ध दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बनगांव डिहवा गांव में सोमवार को अपराह्न उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव निवासी ममता (25) के चीखने की आवाज चारों तरफ गूंजने लगी। वह आग की लपटों से घिरी हुई थी और खुद को बचाने का प्रयास कर रही थी। इसी बीच सूचना पर डॉयल 112 के सिपाही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बोरा डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक गंभीर रूप से झुलसी महिला बेहोश होकर गिर चुकी थी।
सिपाहियों ने ही उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस बीच घटना की जानकारी होते ही इसी कोतवाली अंतर्गत बरवां नासिरपुर गांव से मायके पक्ष के लोग रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंच गए। ममता के पिता धंजूराम ने कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
इसमें कहा गया कि मई 2016 में उसने अपनी पुत्री का विवाह बनगांव डिहवा गांव निवासी सूरज के साथ किया था। विवाह के बाद से ही उसकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। सोमवार को अपराह्न सास व ननद में ममता को पकड़ लिया। ससुर ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जबकि इस दौरान पति घर के दरवाजे पर खड़ा हुआ था।
उधर, अकबरपुर कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति सूरज, ससुर बाबूराम, ननद प्रतिमा व सास के विरुद्ध दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। बताया जाता है कि पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।