थाना क्षेत्र अकबरपुर की बनगांव डिहवा ग्राम पंचायत के मजरा कचना में शनिवार देर शाम करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गयी। घटना उस समय हुई जब वह टुल्लू लगे हैंडपंप को चला रहा था।
बनगांव डिहवा ग्राम पंचायत के मजरा कचना निवासी अनिल यादव (21) पुत्र राजकुमार की शनिवार देर शाम विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जाता है कि उसके घर में हैंडपंप से टुल्लू पंप भी अटैच्ड है।
शनिवार शाम वह हैंडपंप पर नहा रहा था। कहीं से केबल क्षतिग्रस्त होने के चलते करंट टुल्लू पंप से होकर हैंडपंप में भी प्रवाहित होने लगा। युवक ने पानी निकालने के लिए जैसे ही हैंडपंप चलाना चाहा, वैसे ही वह हैंडपंप से चिपक गया।
उसकी चीख-पुकार पर जब तक परिवारीजन पहुंचते व कोई उपाय करते तब तक वह बेसुध होकर हैंडपंप पर गिर पड़ा। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। युवक को लेकर परिवारीजन जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।