अंबेडकरनगर। इब्राहिमपुर क्षेत्र में नौकरी का झांसा देकर करीब 20 लाख रुपये की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में पुलिस ने आरोपी विपिन पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इब्राहिमपुर के नाऊसांडा निवासी बृजेंद्र कुमार वर्मा ने वर्ष 2025 में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि अयोध्या के गंगौली पाठक का पुरवा निवासी सुरेंद्र कुमार द्विवेदी और इसी गांव के वीरेंद्र कुमार द्विवेदी ने उनकी भतीजी शीखा, साले के लड़के नितीन, भतीजे संदीप और भांजी अनुराधा की नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये ठग लिए। ठगी के बाद आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिए थे। जांच के दौरान इस मामले में सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर क्षेत्र के डिबली डिहा चौबे निवासी विपिन पांडेय का नाम भी प्रकाश में आया था। तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
इंस्पेक्टर बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी विपिन पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है और आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। (संवाद)