जलालपुर। टीबी सघन खोज अभियान की सफलता के लिए सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों का पालन सुनिश्चित करें। यह अभियान तभी सफल हो पाएगा, जब प्रत्येक जिम्मेदार अपनी भूमिका को लेकर सजग होगा। यह विचार स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल त्रिपाठी ने टीबी उन्मूलन प्रशिक्षण के दौरान व्यक्त किया।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए निर्धारित टीमों द्वारा घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। यदि किसी के अंदर टीबी के लक्षण नजर आएंगे तो तत्काल उनके बलगम की जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद इलाज शुरू होगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा समाज से टीबी जैसे रोग का उन्मूलन करना है, इसी के मद्देनजर यह अभियान तय किया गया है।
यह अभियान समाज हित की दृष्टि से बेहद उपयोगी है। ऐसे में इसकी सफलता निश्चित रूप तय हो सके, इसके लिए सभी को मिलजुलकर कार्य करना होगा। इसमें किसी भी प्रकार की मनमानी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर में 25 टीमें बनाकर उन्हें प्रशिक्षित किया गया है। टीमों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए पांच सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। इसके साथ अनुरोध मिश्र को नोडल अधिकारी तैनात किया गया है। बताया कि अभियान की जानकारी नागरिकों को हो सके, इसके लिए प्रचार-प्रसार हेतु माइक आदि से सुसज्जित ई-रिक्शा भी लगाए गए हैं।