अंबेडकरनगर। 25 करोड़ की लागत से दो जनपद और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली यादवनगर से महरुआ तक की लगभग 11 किमी सड़क का चौड़ीकरण होगा। इसकी कार्य योजना पूर्व में भेजी जा चुकी है। उम्मीद है कि इसी सप्ताह इसे मंजूरी मिल जाएगी। सड़क के सुदृढ़ीकरण से लगभग 60 हजार की आबादी व यात्रियों को लाभ मिलेगा।
अंबेडकरनगर-अयोध्या की सीमा पर यादवनगर से निकलकर महरुआ तक जाने वाली लगभग 11 किमी सड़क के चौड़ीकरण के लिए बीते दिनों लोक निर्माण विभाग ने कार्ययोजना भेजकर सड़क को तीन मीटर से सात मीटर चौड़ा करने की जरूरत बताई थी। इस सड़क के निर्माण से दो दर्जन से अधिक दोनों जनपद के ग्रामीणों तथा दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा। सड़क के चौड़ीकरण से पेराई सत्र में किसानों को गन्ना बिक्री करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही आसपास के लोगों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सफर करने के लिए आसानी होगी।
माना जा रहा है कि इसी सप्ताह शासन से सड़क के चौड़ीकरण की मंजूरी मिल जाएगी। मौजूदा समय में सड़क की चौड़ाई तीन मीटर है। योजना के तहत अब उसे सात मीटर बनाया जाएगा।
लोगों को मिलेगा लाभ
महरुआ-यादवनगर मार्ग का चौड़ीकरण होने से बड़े वाहन भी इधर से होकर आसानी से आ सकेंगे। विशाल सिंह ने बताया कि सड़क का चौड़ीकरण होने से लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा। चीनी मिल के शुरू होते ही लोग इस मार्ग से जाने से कतराने लगते हैं क्योंकि गन्ना लदी गाड़ी अगर सामने से आ रही है तो सुरक्षित निकलना मुश्किल होता है। महरुआ के रामतिलक ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से नरहरपुर, शाहपुर,छितूनी, दरबपुर बरही व भिखारीपुर सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा कार्य
सड़क के चौड़ीकरण के लिए जिले से प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रकिया चालू कर दी जाएगी। सड़क को तीन मीटर से बढ़ाकर सात मीटर चौड़ा किया जाना है। -
सौरभ सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग