अंबेडकरनगर के शिवालय घाट शहजादपुर स्थित काली मंदिर में पूजन अर्चन करते श्रद्धालु
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को भक्तों ने मां दुर्गा के कूष्मांडा स्वरूप की पूजा-अर्चना की। मंदिरों के अलावा घरों में भी हवन-पूजन हुआ। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। भक्तों पुष्प-दीप आदि से माता की आराधना की। इसके बाद मां के चरणों में शीश नवा कर मंगलकामना की। मौसम खराब होेने के बावजूद यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। उधर, जिला मुख्यालय पर दुर्गा पूजा पंडालों को अंतिम रूप देने का काम और तेज हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंडालों के पट पहले ही खुल चुके हैं। यहां भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। पूजा-अर्चना का दौर सुबह से शाम तक चल रहा है।
बुधवार को मौसम सुबह से ही खराब हो गया। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश शुरू हो गई। मौसम खराब होने के बावजूद माता के भक्तों की आस्था पर कोई असर नहीं पड़ा। माता दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया जो देर शाम तक चला। महिलाओं व पुरुषों ने मंदिरों में पहुंचकर मां के दरबार में मत्था टेका और पुष्प अर्पित कर मंगलकामना की। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने व लाउडस्पीकर पर बज रहे भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया। मंदिरों के अलावा घरों में भी श्रद्धालुओं ने मां कूष्मांडा की उपासना की।
उधर, दुर्गा पूजा के लिए शहरी क्षेत्रों में पूजा पंडालों के निर्माण का कार्य अंतिम चरणों में पहुंच गया है। समय रहते पूजा पंडालों का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कारीगरों के हाथ तेजी से चल रहे हैं। पुराना तहसील तिराहा के पास चंद्रयान दो आकार में पंडाल बना रहे कारीगर चंद्रभान ने कहा कि निर्माण कार्य पूरा हो जाता, लेकिन खराब मौसम इसमें बाधक बन रहा है। इसके बावजूद समय रहते काम पूरा कर लिया जाएगा। फौव्वारा तिराहे पर पूजा पंडाल को भव्य रूप देने में लगे कारीगरों का कहना है कि मौसम की गड़बड़ी के चलते कुछ समस्या जरूर आ रही है, लेकिन समय रहते निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इस बीच ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित पूजा पंडालों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भी लगातार जारी है। विशेष पूजा-अर्चना के लिए सुबह से पूजा पंडालों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है जो देर शाम तक जारी रहता है। पूजा पंडालों पर आने वाले श्रद्धालुओं को कोई मुश्किल न हो इसके लिए संबंधित पूजा समितियां ठोस कदम उठा रही हैं। ज्यादातर पूजा पंडालों में पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य अनिल मिश्र ने बताया अकबरपुर नगर में पूजा समितियों की मदद के लिए उन्होंने दुर्गा पूजा महासमिति का गठन किया है।