बसखारी। थाना परिसर एक बार फिर उस समय गुलजार हो गया, जब थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय की मौजूदगी में प्रेमी युगल एक-दूसरे का जीवन भर साथ निभाने का वादा करते हुए विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। थानाध्यक्ष श्रीनिवास के रहते हुए इस तरह का यह दूसरा आयोजन है।
बसखारी थाना क्षेत्र के एक गांव कीयुवती व मालीपुर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक का अरसे से प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह जानकारी युवती के परिवारीजनों को हुई तो वे सब युवक के परिवारीजनों से शादी के लिए बातचीत करने का प्रयास करने लगे। लेकिन युवक व परिवारीजनों की आनाकानी के बाद मामला पुलिस तक जा पहुंचा। बसखारी थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने युवक व युवती के परिवारीजनों को थाने में बुलाकर वार्ता की। थानाध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्ष की सहमति से युवक व युवती का विवाह थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में सोमवार की शाम करवा दिया गया। प्रेमी युगल एक-दूसरे के गले में जयमाला डाल व अन्य रस्म पूरी करते हुए जन्म जन्मांतर के साथी बन गए। बाद में युवती की विदाई थाने से कर दी गई।