अंबेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के अन्नावां बाजार में शुक्रवार की रात बदमाशों ने शराब के ठेके में घुसकर न सिर्फ लूटपाट की बल्कि वहां सो रहे सेल्समैन की बुरी तरह पिटाई कर दी। घायल सेल्समैन को जिला अस्पताल में उसे भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। अहिरौली पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार अहिरौली थाना क्षेत्र के अन्नावां बाजार में शराब के ठेके में शुक्रवार की रात पीछे से अज्ञात चोर घुस गए। इसके बाद दुकान में लूटपाट शुरु कर दी। वहां सो रहे सेल्समैन रामबचन की नींद खुल गई तो उसने चोरी का विरोध किया। इस पर चोर उसके ऊपर हमलावर हो गए, और पीट पीट कर उसे लहुलूहान कर दिया। इससे बाद चोर मौके से फरार हो गए।
बाद में उसकी चीख पुकार पर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे, और घटना की जानकारी अहिरौली पुलिस को दी। एसओ प्रमोद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, और छानबीन की। घायल सेल्समैन को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही पता चला सकेगा कि चोरी कितने की हुई है।