.जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को फिजीशियन के कक्ष के बाहर लगी मरीजों की कतार।संवाद
अंबेडकरनगर। दीपावली अवकाश के बाद मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने तक मरीजों व तीमारदारों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा।
तीन फिजिशियन समेत नेत्र, त्वचा और ईएनटी (नाक-कान-गला) ओपीडी में कुल 1,184 मरीजों का उपचार किया गया। अवकाश के बाद पहुंचे मरीजों में सर्दी, जुकाम, बुखार, आंखों और त्वचा संबंधी समस्याएं अधिक रहीं। भीड़ के कारण कई मरीजों को अपनी बारी का लंबा इंतजार करना पड़ा।
फिजिशियन डॉ. योगेश वर्मा ने बताया कि अवकाश के चलते संख्या बढ़ी थी। अधिकतर मरीज सर्दी-जुकाम से पीड़ित थे, जबकि एलर्जी के मरीजों को त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श की सलाह दी गई। सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने कहा कि पहले से पुख्ता प्रबंध थे और सभी को समुचित उपचार उपलब्ध कराया गया।
बोले मरीज
अकबरपुर के दहीरपुर निवासी रामराज ने बताया कि कई दिनों से बुखार आने के बावजूद अवकाश के कारण वह अस्पताल नहीं आ सके थे। मंगलवार को ओपीडी पहुंचे तो भारी भीड़ के चलते करीब एक घंटे बाद चिकित्सक को दिखा पाए। वहीं, गोहन्ना निवासी आरती अपने आठ वर्षीय बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचीं, जिसके हाथ में पटाखा जलाते समय चोट लग गई थी। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे दवा दी।