.जहांगीरगंज थाना परिसर में थानाध्यक्ष से वर्ता करते शिक्षक संघ के पदाधिकारी व अन्य शिक्षक।
जहांगीरगंज। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय जैती में घुसकर शिक्षकों से अभद्रता और मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से शिक्षकों में आक्रोश है। मंगलवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की अगुवाई में शिक्षकों ने जहांगीरगंज थाने पहुंचकर विरोध जताया और थानाध्यक्ष रितेश पांडेय को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
जैती विद्यालय के सहायक अध्यापक अरुण कुमार के मुताबिक, शनिवार दोपहर दो बच्चों के विवाद में सहायक अध्यापक राम जीत ने एक छात्र को फटकारा था। इसके बाद छात्र अपने घर गया और कुछ देर बाद अपनी मां व अन्य लोगों के साथ स्कूल लौटा। आरोप है कि दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने विद्यालय में घुसकर सहायक अध्यापक राम जीत और बीच-बचाव करने पहुंचे नंदलाल की पिटाई कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, लेकिन आगे की कार्रवाई में देरी से शिक्षकों में नाराजगी है। ब्लॉक अध्यक्ष अजय पांडेय, महामंत्री राम केवल यादव, पूर्व अध्यक्ष यशवंत सिंह व अन्य शिक्षकों ने थाने पहुंचकर रोष व्यक्त किया। सीओ आलापुर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।