जलालपुर। क्षेत्र के बड़ागांव भरौली में बुधवार रात एक घर से करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी हाेने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जानकारी ली है।
बड़ागांव भरौली निवासी विनोद के अनुसार गांव में आबादी की जमीन पर उनका पुराना मकान है। इसमें चार कमरे हैं, जिनमें उनके बड़े भाई संतोष भी परिवार के साथ रहते हैं। कुछ दूरी पर विनोद का दूसरा मकान भी है। बुधवार रात पुराने मकान में परिवार के साथ खाना खाने के बाद विनोद अपने परिवार के साथ दूसरे मकान में सोने चले गए।
शिकायत के अनुसार देर रात चोरों ने पुराने मकान में संतोष के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद दूसरे मकान में धावा बोला। वहां अलमारी का ताला तोड़कर नथिया, झुमका, पायल, नाक की कील समेत सोने-चांदी के करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी कर लिए।
आहट सुनकर संतोष की नींद खुली तो उन्होंने कमरे से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी। विनोद जब परिवार के साथ मौके पर पहुंचे, तब तक चोर जेवरात लेकर फरार हो चुके थे।
इंस्पेक्टर अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।