फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: पेड़ पर गिरी बिजली, किशोर की मौत, दो बहनें झुलसीं

विज्ञापन
 उमेश कनौजिया (फाइल फोटो)। परिजन
विज्ञापन
केदारनगर (अंबेडकरनगर)। मौसम में अचानक बदलाव के बीच शनिवार दोपहर इब्राहिमपुर क्षेत्र के परसन का पूरा गांव में इमली के पेड़ पर बिजली गिरने से तीन लोग झुलस गए। गंभीर रूप से घायल किशोर उमेश कनौजिया (14) की लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादसे में उसकी बड़ी बहन लक्ष्मी (17) और रक्षाबंधन पर ननिहाल आई बुआ की बेटी रंजो (21) भी घायल हो गईं।
विज्ञापन

परिजनों के अनुसार, गांव निवासी रामदेव कनौजिया के नाती उमेश और लक्ष्मी तथा उनकी बेटी गेना देवी की पुत्री रंजो शनिवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर इमली के पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान अचानक गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी बीच तेज आवाज के साथ पेड़ के पास बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से तीनों घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
हादसे के बाद घायल रंजो ने हिम्मत दिखाई। वह शोर मचाते हुए आबादी की ओर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों को उपचार के लिए सीएचसी टांडा ले गए। वहां, प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उमेश की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर किया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन

उमेश के पिता उपेंद्र मुंबई में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए। वहीं, बेटे की मौत की सूचना मिलने पर मां शांति देवी अचेत हो गईं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। इधर, रंजो को अस्पताल ले जाने के लिए परिजनों ने एंबुलेंस को फोन किया। उनका आरोप है कि करीब एक घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहसील प्रशासन को भी सूचना दे दी गई है।

 उमेश कनौजिया (फाइल फोटो)। परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें