जहांगीरगंज। ऐनवा में बिजली उपकेंद्र को शासन की मंजूरी मिल गई है। साथ ही यहां जमीन खोजने का आदेश दिया गया है। उपजिलाधिकारी आलापुर को पत्र भेजकर जल्द ही उपकेंद्र के लिए भूमि चिह्नित करने को कहा गया है।
बताते चलें कि विधायक अनीता कमल ने जहांगीरगंज विकास खंड की ऐनवां ग्राम पंचायत में सब स्टेशन निर्माण की मांग शासन से की थी। शासन ने इसे मंजूर दे दी है। साथ ही एसडीएम आलापुर को पत्र भेजकर शीघ्र ही भूमि चिह्नित करने का आदेश दिया है। यदि भूमि जल्द मिल गई तो शीघ्र ही क्षेत्रवासियों को नया विद्युत सब स्टेशन मिल जाएगा। नया सब स्टेशन मिलने से जहां क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या का समाधान हो जाएगा, वहीं पर विद्युत आपूर्ति भी सही तरीके से हो सकेगी।
अभी आलापुर क्षेत्र में रामनगर व तेंदुआईकला सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति हो रही है जो लोड नहीं संभाल पा रहे हैं। इस कारण आए दिन लो वोल्टेज की शिकायतें आती रहती हैं। इस नए उपकेंद्र के बन जाने से करीब 30 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। अरविंद उपाध्याय, दिवाकर ओझा, अजय सिंह, रविंद्र चौहान, विनोद तिवारी, श्रीराम पांडेय, शैलेंद्र दूबे, डॉ. संजय सिंह आदि शासन से मंजूरी मिलने पर खुशी जताई है।