अंबेडकरनगर। जलालपुर इलाके के निमिटनी गांव में मई 2018 में हुई शराब की दुकान के सेल्समैन की हत्या में जिला जज कोर्ट ने शनिवार को दोषी ओमप्रकाश और राकेश यादव को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
जलालपुर क्षेत्र के निमटिनी निवासी इंद्रपाल सिंह उर्फ पुलई सिंह की तीन मई 2018 की शाम करीब साढ़े सात बजे धारदार हथियार से सीने और पेट पर प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। उनका शव देशी शराब के ठेके के बाहर पड़ा मिला था। मृतक के भाई राणा प्रताप सिंह ने राकेश यादव निवासी मंजिरा और ओम प्रकाश सिंह उर्फ चिथरू निवासी निमटिनी पर हत्या का आरोप लगाया था।
पुलिस ने विवेचना के बाद दोनों के खिलाफ आरोप-पत्र न्यायालय में दाखिला किया गया। दोनों पक्षों की ओर से गवाहों व बहस को सुनने के बाद न्यायाधीश चंद्रोदय कुमार ने दोनों को दोषी मनाया। सजा के बिंदु पर सुनवाई करते हुए राकेश और ओमप्रकाश को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही, 30-30 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। (संवाद)