अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 21 मई को एक पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कराई जाएगी। जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 5496 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा परीक्षा संचालन और सुरक्षा के लिए दो कार्यदायी संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लें। स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर गोपनीय पैकेट अपनी निगरानी में खुलवाएंगे और परीक्षा समाप्ति के बाद सामग्री को सुरक्षित कोषागार तक पहुंचाने की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।