जहांगीरगंज में मतदाता जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाते तहसीलदार व अन्य
जहांगीरगंज/आलापुर (अंबेडकरनगर)। मतदाताओं को शतप्रतिशत मतदान करने के लिए बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय जहांगीरगज के छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। अधिकारियों के नेतृत्व में निकली रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर व बैनर लेकर जागरूकता संबंधी नारे लगाए। लोगों से मतदान के दिन सब काम छोड़कर बूथों पर पहुंचकर मतदान करने की अपील की।
तहसीलदार पद्मेश कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। लोकतंत्र में मतदान से बेहतर कुछ नहीं, मतदान जरूर करेंगे हम आदि नारों के साथ रैली ने जहांगीरगंज, नरियांव आदि बाजारों का भ्रमण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सभी से आगामी 25 मई को वोट करने की अपील की। कहा कि ज्यादातर लोग मतदान को लेकर उतने गंभीर नहीं दिखते जितना उन्हें होना चाहिए। मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार है। इसके जरिए हम देश व समाज का वर्तमान व भविष्य तय कर सकते हैं।
छात्र-छात्राओं ने लोगों को प्रेरित करते हुए मतदान से होने वाले लाभ के भी बारे में विस्तार से जानकारी दी। तहसीलदार व अन्य अधिकारियों ने भी आम जनमानस को वोट के महत्व को अवगत कराया। सभी को निष्पक्ष ढंग से मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर जहांगीरगंज बीईओ संतोष पांडेय, ईओ विनय द्विवेदी, सीएचसी प्रभारी डॉ उदय चंद, थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।