विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। एनटीपीसी टांडा के सरगम प्रेक्षागृह में रविवार देर शाम भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के 70वें महापरिनिर्वाण दिवस पर अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी कल्याण समिति की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि जयदेव पारिदा ने कहा कि डॉ. आंबेडकर केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि युग निर्माता थे। उन्होंने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए संघर्ष किया और भारत को समानता तथा न्याय के सिद्धांतों पर आधारित संविधान प्रदान किया। बाबासाहेब का सम्मान केवल श्रद्धा से नहीं, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही सच्चा होता है।
राजकीय विद्युत परिषद विद्यालय के अध्यापक राजपति कनौजिया की ओर से निर्देशित नाटक हमारे प्रधान ने लोगों पर प्रभाव छोड़ा। बच्चे चुनावी भ्रष्टाचार, शराबबंदी और सामाजिक कुरीतियों पर साहसिक और सार्थक प्रस्तुति देते नजर आए। दर्शकों ने प्रस्तुति को तालियों से सराहा।
बुद्ध वंदना व नाटक प्रस्तुत करने वाले सभी छात्र–छात्राओं को सम्मानित किया गया। शिक्षक राजपति कनौजिया को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। टाउनशिप के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए 160 अशक्त व वृद्ध पुरुषों और महिलाओं को कंबल वितरित किए गए।
इस दौरान संघमित्रा पारिदा, अनुपमा त्रिपाठी, डॉ. राजीव कुमार, सुरेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार सहित एनटीपीस के तमाम लोग उपस्थित रहे।