अंबेडकरनगर। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर किसी भी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थिति से निपटने को शुक्रवार को पूरा जिला प्रशासन सड़कों पर दिनभर जुटा रहा। जुमे की नमाज के चलते अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए अफसरों ने घंटों विभिन्न शहरी क्षेत्र व कस्बों का भ्रमण किया। आमलोगों से मुलाकात कर जिले में धैर्य बनाए रखने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की और कहा कि इसी तरह का भाईचारा का माहौल आगे भी बनाए रखना होगा।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे धरना-प्रदर्शन को देखते हुए जिले में जुमे की विशेष नमाज के बीच किसी भी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए शुक्रवार को डीएम व एसपी समेत जिलास्तरीय अधिकारियों की फौज जिला मुख्यालय से लेकर अन्य कस्बों में सड़कों पर उतर पड़े। जिले के सबसे संवेदनशील क्षेत्र टांडा में डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी ने कमान संभाली। भारी पुलिस बल के साथ चौक, टैक्सी स्टैंड, जुबेर चौराहा, तलवापार, घंटाघर, मुबारकपुर, छज्जापुर समेत अन्य क्षेत्रों का जायजा लिया।
जगह-जगह रुककर नागरिकों से मुलाकात की। आपसी सौहार्द व अमन चैन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कोई ऐसा कदम न उठाया जाए, जिससे आपसी सौहार्द बिगड़े। अधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार से अब तक आप सभी ने धैर्य का परिचय दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है। इस धैर्य को आगे भी कायम रखना होगा। प्रमुख मस्जिदों के निकट पहुंचकर जुमे की नमाज अदा करने के बाद तथा उससे पहले नागरिकों से मुलाकात की ओर आपसी सौहार्द बनाए बना रखने की अपील की। इस दौरान एसडीएम एमपी सिंह, सीओ अमरबहादुर आदि मौजूद रहे।
जलालपुर में सुरक्षा व्यवस्था की कमान एडीएम अमरनाथ राय व एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने एसडीएम धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव व सीओ आरपी राय के साथ संभाली। जामा मस्जिद के अलावा अन्य प्रमुख मस्जिदों के आसपास लोगों से मुलाकात की और अमन चैन बनाए रखने की अपील की। अपील की गई कि यदि कोई कहीं किसी प्रकार की गड़बड़ी करता दिखे, तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को दें। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा।
अकबरपुर में एसडीएम अभिषेक पाठक व सीओ धर्मेंद्र सचान ने चौक जामा मस्जिद, अब्दुल्लापुर, शहजहांपुर, मौलाना गली समेत अन्य मस्जिदों के आसपास पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और धैर्य बनाए रखने की अपील की। लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और न ही उस पर ध्यान दें। यदि कहीं कोई संदिग्ध नजर आए, तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को दें।
भीटी में एसडीएम देवीदयाल वर्मा व थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ लगातार क्षेत्र का भ्रमण किया। भीटी, महरुआ व मिझौड़ा में लोगों से मुलाकात कर धैर्य बनाए रखने की अपील की। मिझौड़ा में लाउडस्पीकर से अमन चैन बनाए रखने की अपील की। आलापुर में एसडीएम भरतलाल सरोह व सीओ जगदीशलाल टमटा ने जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर, आलापुर, बसखारी, किछौछा क्षेत्र की प्रमुख मस्जिदों पर पहुंचकर लोगों से मुलाकात की। सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए अमन चैन बनाए रखने की अपील की।
ज्ञापन सौंपकर कानून वापस लेने की मांग
अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित शिया जामा मस्जिद में जुमे की विशेष नमाज के बाद इमामे जुमा मौलाना सै. शुजा हैदर जैदी के नेतृत्व में समुदाय से जुड़े लोगों ने तहसीलदार गिरिवर सिंह को ज्ञापन सौंपा। कहा गया कि नागरिकता कानून के चलते समूचे देश में अशांति का माहौल है। हिंसक घटनाओं में जान माल का नुकसान हो रहा है। देश में अमन-चैन को चोट पहुंच रही है।
अमन-चैन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा गया कि लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाया जाए। साथ ही देशहित के लिए कानून को वापस लिया जाए। इस दौरान आरिफ अनवर, यासिर हुसैन, रेहान जैदी, मंसूर अख्तर, इम्तियाज हुसैन, रजा अनवर आदि मौजूद रहे।