राजेसुल्तानपुर। टिकोरिया बुजुर्ग गांव में आकाश उर्फ रवि सिंह (22) की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी पट्टीदार पिंकू उर्फ रुद्र प्रताप सिंह तथा दो अज्ञात के विरुद्ध अपहरण और गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। परिजन पोस्टमार्टम के बाद एफआईआर की मांग पर अड़ गए। इस वजह से शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार किया जा सका।
मां अनीता सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 फरवरी को गांव निवासी पिंकू उर्फ रुद्र प्रताप सिंह उनके बेटे आकाश को घर से ले गया था। शाम करीब 6 बजे पिंकू बोलेरो से आकाश को मरणासन्न अवस्था में घर के बाहर छोड़कर भाग गया। आकाश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बृहस्पतिवार शाम को जब पोस्टमार्टम के बाद आकाश का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही अंतिम संस्कार करने की बात कही। रातभर शव गांव में रखा रहा। पुलिस अधिकारियों ने मान-मनौव्वल का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं माने। शुक्रवार को परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिंकू और दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद चांडीपुर घाट पर युवक के शव का अंतिम संस्कार किया गया। थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।