अंबेडकरनगर। प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को मजबूत करने के लिए चयनित 141 एजुकेटरों को शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि तीन से छह वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों का प्रारंभिक काल उनके समग्र विकास की नींव होता है। उन्होंने ईसीसीई एजुकेटरों को निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और निपुण भारत मिशन के तहत, आंगनबाड़ी केंद्रों पर इन एजुकेटरों की तैनाती बच्चों के भौतिक, मानसिक, सामाजिक और संवेगात्मक विकास के लिए खेल-आधारित और गतिविधि-आधारित शिक्षण वातावरण तैयार करने हेतु की जा रही है। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने चयनित एजुकेटरों से अपनी भूमिका को समझते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की अपील की। इस अवसर पर एडीएम ज्योत्सना बंधु, बीएसए शैलेश पटेल समेत अन्य उपस्थित रहे।