अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की स्थापना की कवायद तेज हो गई है। निर्माण के लिए यूपीडा की ओर से करीब 377.68 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण लगभग पूरा हो चुका है। अब यूपीडा ने दोनों कॉरीडोर के लिए जमीन की दरें निर्धारित कर दी हैं। जलालपुर में निवेशकों को 4800 रुपये व अकबरपुर में 4950 रुपये वर्ग मीटर की दर से जमीन मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए निवेशकों से ऑनलाइन आवेदन लिए जाने लगे हैं।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के नजदीक जलालपुर तहसील क्षेत्र के अजमलपुर, नूरपुर कला और गौरी बड़हा गांवों में यूपीडा ने औद्योगिक कॉरिडोर बनाने के लिए 146.48 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया है। इसी तरह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के नजदीक अकबरपुर तहसील क्षेत्र के बेवाना इलाके में 231.20 हेक्टेयर जमीन कॉरिडोर बनाने के लिए प्रस्तावित की गई है। यहां भी जमीन का अधिग्रहण लगभग पूरा हो चुका है। अब यूपीडा ने इन दोनों स्थानों को इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के रूप में विकसित करने के लिए दोनों स्थानों पर जमीन के दाम निर्धारित कर दिए हैं। इसके तहत यहां पर बड़े उद्योग लगाने को प्राथमिकता दी जाएगी। निवेशकों को कम से कम तीन एकड़ जमीन लेना अनिवार्य किया गया है। (संवाद)
कई उद्यमियों ने किया एमओयू
जिला उद्योग केंद्र की ओर से निवेशकों से संपर्क स्थापित कर भूमि आवंटन के लिए आवेदन लिए जाने लगे हैं। इसके लिए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की जा रही है। भूमि आवंटन के बाद यूपीडा की ओर से यहां अवस्थापना सुविधाएं जैसे सड़क, बिजली, पानी आदि की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। दोनों एक्सप्रेसवे के किनारे बनने वाले औद्योगिक कॉरिडोर में उद्योग लगाने के लिए लखनऊ से लेकर नेपाल तक के उद्यमी एमओयू कर चुके हैं। उत्तराखंड, महाराष्ट्र के उद्यमियों ने भी भूमि की मांग की है।
प्रमुख निवेशक और भूमि की आवश्यकता
श्याम इंडस्ट्रीज, बसखारी - ट्रक बॉडी पार्ट्स- सात एकड़
यशोदा फूड्स, नेपाल- नूडल्स एंड कुकीज- पांच एकड़
जय भवानी नमकीन, महाराष्ट्र- फूड- पांच एकड़
इराटोस फार्मास्युटिकल, वाराणसी- मेडिसिन- पांच एकड़
श्रेया इनवॉयरमेंटल उत्तराखंड- मेडिसिन- पांच एकड़
विंध्या एसबी, जौनपुर- मेडिसिन- तीन एकड़
एसएम इंजीनियर्स, नोएडा - इलेक्ट्रिकल पैनल- तीन एकड़
रिलायंस के सीबीजी प्लांट का काम तेज
रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओर से बेवाना के सस्पना गांव में 25 एकड़ भूमि पर कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट की स्थापना कराई जा रही है। यहां प्रतिदिन 20 टन गैस उत्पादन क्षमता का प्लांट लगाया जाना है। पिछले कुछ समय से यहां काम तेजी से किया जा रहा है। बाउंड्रीवाॅल का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। रिलायंस की ओर से यहां किसानों से कृषि अवशेष मुख्य रूप से पराली लेकर गैस तैयार की जाएगी।
लिए जा रहे आवेदन
दोनों कॉरिडोर के लिए यूपीडा ने जमीन की कीमत निर्धारित कर दी है। निवेशकों से ऑनलाइन भूमि आवश्यकता के आवेदन लिए जा रहे हैं। इसके बाद यूपीडा के सहयोग से आवंटन शुरू किया जाएगा।
- अखिलेश पटेल, उद्यमी मित्र