अकबरपुर। मालीपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर रविवार सुबह इंदौर-पटना एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से राधेश्याम उर्फ गूंगे (48) की मौत हो गई। हादसे के बाद करीब डेढ़ घंटे तक शव रेलवे लाइन के किनारे पड़ा रहा।
विज्ञापन
भगलापुर गांव के शेषनगर चौराहा निवासी राधेश्याम शाहगंज में मजदूरी करने जा रहे थे। पत्नी प्रमिला के मुताबिक, वह सुबह पांच बजे घर से मालीपुर स्टेशन के लिए निकले थे। सुबह करीब 10 बजे ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। परिजनों को दोपहर एक बजे पुलिस के माध्यम से घटना की जानकारी मिली।
ट्रेन चालक ने तुलसीनगर स्टेशन मास्टर को हादसे की सूचना दी। इसके बाद डायल 112, जीआरपी अकबरपुर और आरपीएफ शाहगंज को जानकारी दी गई। जीआरपी करीब 12:30 बजे पहुंची। जीआरपी थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि घटनास्थल थाने से दूर होने के कारण पहुंचने में विलंब हुआ। मृतक के परिवार में पत्नी और एक पुत्र है।