बसखारी/ सद्दरपुर। बसखारी के भिटौरा उत्तर चौराहे के पास बुधवार सुबह साइकिल सवार 55 वर्षीय सेवाराम को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके बाद उनको रौंदते हुए भाग निकला। हादसे में सेवाराम का एक पैर शरीर से अलग हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सीएचसी बसखारी और फिर राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार जलालपुर के टड़वा उजारी निवासी सेवाराम पेशे से मजदूर थे। बुधवार सुबह रोजी-रोटी की तलाश में साइकिल से घर से निकले थे। जब वह बसखारी के भिटौरा चौराहे के समीप पहुंचे, तभी बसखारी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे। हादसा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई लेकिन तब तक वाहन चालक ट्रक लेकर जलालपुर की ओर भाग चुका था।
सिपाही कुशल पाल ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सीएचसी बसखारी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सेवाराम की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में सेवाराम ने दम तोड़ दिया।
पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी श्रीपति देवी अचेत हो गई। चार संतानों में दो बेटे मनोज, संजय के अलावा बेटी मीरा व पृनम हैं। पिता की मौत के बाद सभी गमगीन हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ट्रक व चालक की तलाश में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।