फोटो 6, अंबेडकरनगर में मौसम खराब होने से बढ़ी मेंथा किसानों की चिंता।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। शुक्रवार लगभग पूरी रात रुक रुककर हुई बारिश के चलते जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जगह जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। इससे नागरिकों को आवागमन में विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उधर पूरी रात हुई बारिश के बाद शनिवार को भी पूरे दिन उमड़ते घुमड़ते काले बादल ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी प्रकार से जारी रहा, तो इसका प्रतिकूल प्रभाव मेंथा, सब्जी समेत कई अन्य फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को लगभग पूरे दिन रुक रुककर कहीं बूंदाबांदी, तो कहीं हल्की बारिश हुई थी। अपराह्न बाद जब बारिश का सिलसिला रुका, तो उम्मीद हुई कि अब बारिश नहीं होगी। हालांकि ऐसा नहीं हुआ। शुक्रवार लगभग पूरी रात रुक रुककर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई। शनिवार को बारिश तो नहीं हुई, लेकिन पूरे दिन काले बादल उमड़ते घुमड़ते रहे। शुक्रवार रात हुई बारिश का नतीजा रहा कि जिला मुख्यालय से लेकर जिले के अन्य क्षेत्रों में जगह जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। इससे नागरिकों को आवागमन में विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
उधर बारिश का सिलसिला शुक्रवार पूरी रात हुई बारिश व शनिवार को भी दिनभर काले बादल उमड़ने-घुमड़ने के चलते किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मेंथा, सब्जी समेत कई अन्य फसलों को बारिश से नुकसान हो सकता है। इसे देखते हुए ही किसानों की चिंता बढ़ गई है। अकबरपुर के किसान राजेंद्र कुमार व घनश्याम ने कहा कि मेंथा की फसल लगभग तैयार हो चुकी है। ऐसे में यदि बारिश का सिलसिला इसी प्रकार से चलता रहा, तो फसल को नुकसान हो सकता है। सब्जी के किसान रवींद्र कुमार व मेवालाल ने कहा कि बारिश का सब्जियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। यदि फसल को नुकसान होता है, तो इससे सब्जी किसानों को विभिन्न प्रकार की आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।