अंबेडकरनगर। 48 घंटे के सील के बाद रविवार को दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल में इमरजेंसी सेवा शुरू कर दी जाएगी। इससे पहले शनिवार को भी जिला अस्पताल को सैनिटाइज किए जाने का कार्य जारी रहा। उधर, कोरोना पॉजिटिव मिले सीएमएस का इलाज पीजीआई लखनऊ में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सीएमएस की स्थिति सामान्य है।
गौरतलब है कि बीते दिनों जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसपी गौतम के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से हड़कंप मच गया। सीएमएस को इलाज के लिए पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराने के बाद शुक्रवार को 48 घंटे के लिए जिला अस्पताल को पूरी तरह सील कर दिया गया था। साथ ही जिला अस्पताल के चिकित्सक, पैरा मेडिकल स्टॉफ समेत 33 कर्मचारियों के ब्लड का नमूना जांच के लिए भेज दिया गया था। जिला अस्पताल के भवन व परिसर को सैनिटाइज करने का कार्य शुक्रवार से शुरू हुआ तो यह सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा।
किसी भी प्रकार के आवागमन को रोकने के लिए शनिवार को भी मुख्य गेट पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। इस बीच रविवार को जिला अस्पताल को खोले जाने की तैयारी एक दिन पहले शुरू कर दी गई। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि रविवार को दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल में इमरजेंसी सेवा शुरू कर दी जाएगी। बताया कि सीएमएस का सुचारु रूप से इलाज पीजीआई लखनऊ में लखनऊ में चल रहा है। उनकी तबियत में तेजी से सुधार हो रहा है।