विभिन्न निर्माण कार्याें का शिलान्यास करते नगर पंचायत अध्यक्ष। - संवाद
बसखारी (अंबेडकरनगर)। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा को जलभराव और जर्जर सड़क से निजात मिलने का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को 28 लाख रुपये की लागत से होने वाले इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण के कार्यों का शिलान्यास नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने किया।
मंगलवार देर शाम अध्यक्ष ने सभासदों की मौजूदगी में वार्ड संख्या 13 में वीरेंद्र के मकान से मोनू निषाद के मकान तक इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण एवं काली चौरा के सौंदर्यीकरण एवं इंटरलाॅकिंग निर्माण के कार्य को मंजूरी दी थी। इस कार्य की लागत साढ़े 18 लाख रुपये के करीब है। वार्ड नंबर 15 में वीरेंद्र के मकान से लेकर साधु के मकान तक नाली एवं इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य का भी शिलान्यास हुआ। इसकी लागत 10 लाख रुपये के करीब है।
अध्यक्ष ने कहा कि विकास के कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। नया सर्वे कराकर जल्द विकास के कार्य करवाए जाएंगे। इस दौरान सभासद मोनू निषाद, सभासद सूर्यालाल उपाध्याय, रामसागर, दिलीप निषाद, राकेश कुमार, राजेश कुमार, सुरेश, लिपिक अभिषेक यादव, कार्यालय सहायक राकेश प्रजापति सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।