पत्रकार करुण मिश्र की सुल्तानपुर से अबेडकरनगर आते समय गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में जिले के पत्रकारों ने एकजुट होकर कलक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन किया। परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने के साथ ही 24 घंटे के भीतर हत्यारों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की गई।
शनिवार दोपहर से पूर्व हत्या की खबर मिलने के साथ ही पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त हो गया। प्रेस क्लब के तत्वावधान में एकजुट हुए पत्रकारों ने कलक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था की मौजूदा दशा पर चिंता जताई, और कहा कि 24 घंटे के भीतर हत्यारों की गिरफ्तारी न की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
पत्रकारों ने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता को काफी कम बताते हुए कहा कि इसे बढ़ाकर कम से कम 50 लाख रुपये किया जाना चाहिए। वक्ताओं ने यह भी कहा कि पत्रकारों के साथ होने वाले मामलों में शुुरुआती दौर में पुलिस शिथिल रवैया अपनाती है, जिसके चलते ही इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती हैं।
इस मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी, महामंत्री महेन्द्र सिंह, सर्वजीत त्रिपाठी, अजय सिंह, सुनील श्रीवास्तव, अनिल तिवारी, मनीष मिश्र, पीयूष चतुर्वेदी, अरुणेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद पत्रकारों ने अपर जिलाधिकारी रामसूरत पांडेय को ज्ञापन भी सौंपा।