अंबेडकरनगर में जीप से कुचलकर छात्र की मौत के बाद रोते-बिलखते परिवारीजन ।
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल बस से उतरकर सड़क पार कर रहे एक छात्र को तेज रफ्तार जीप ने अकबरपुर नगर के बाहरी छोर पर शनिवार दोपहर बाद रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों को आता देख जीप चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन बेकाबू जीप सड़क के किनारे गड्ढे में जाकर फंस गई। उस पर सवार लोग वहां से भाग खड़े हुए।
बाद में पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार दोपहर बाद फैजाबाद मार्ग स्थित वीएसएस स्कूल की बस छात्रों को लेकर अकबरपुर से कटेहरी की तरफ जा रही थी। अकबरपुर-फैजाबाद मार्ग पर एक ट्रैक्टर एजेंसी के सामने बस रुकी तो उसमें से अभिनव शुक्ल (9) पुत्र सुरेंद्र शुक्ल उतरकर बस के पीछे से सड़क पार करने लगा।
इसी बीच फैजाबाद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उसे रौंद दिया। इससे छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को आता देख चालक ने जीप लेकर भागने का प्रयास किया लेकिन बेकाबू जीप सड़क के किनारे गड्ढे में जाकर फंस गई।
उस पर सवार लोग वाहन छोड़कर वहां से भाग खड़े हुए। इस बीच जानकारी मिलने पर एसओ महेंद्र कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।
अभिनव की इकलौती बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि अभिनव वीएसएस स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। पिता सुरेंद्र जिला मुख्यालय स्थित एक निजी कंपनी में कर्मचारी है। सुरेंद्र शुक्ल फैजाबाद के मूल निवासी हैं।