अंबेडकरनगर। जिले के मरीजों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरू की है। अब जिले की तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) भीटी, कटेहरी और रामनगर में भी प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी है। इन केंद्रों के शुरू होने से मरीजों को बाजार की तुलना में 40 से 80 प्रतिशत तक सस्ती दवाएं मिल सकेंगी।
जिले के 12 सीएचसी में से फिलहाल नौ केंद्रों पर जन औषधि केंद्र संचालित हैं, जहां बड़ी संख्या में मरीज कम कीमत पर दवाएं खरीदकर लाभ उठा रहे हैं। हालांकि भीटी, कटेहरी और रामनगर सीएचसी में जगह के अभाव के कारण अब तक यह सुविधा शुरू नहीं हो सकी थी। अब स्वास्थ्य विभाग ने इन केंद्रों के लिए स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जन औषधि केंद्र खुलने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का इलाज का खर्च काफी कम होगा। मधुमेह, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग समेत अन्य बीमारियों की नियमित दवाएं भी कम कीमत पर उपलब्ध हो सकेंगी।
मरीजों को मिलेगी राहत
अधीक्षकों को स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होते ही तीनों केंद्रों पर जन औषधि केंद्र शुरू कर दिए जाएंगे, जिससे क्षेत्रीय मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
- डॉ. प्रमोद कुमार, सीएमओ