अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े डेढ़ लाख से अधिक पात्र परिवारों के लिए खुशखबरी है। छह नए सरकारी तथा एक नए निजी अस्पताल में भी अब योजना के तहत पात्र निशुल्क इलाज करा सकेंगे। इसके लिए शासन ने हरी झंडी दे दी है।
अब तक पांच सरकारी व दो निजी अस्पतालों को ही इस योजना के तहत मरीजों का उपचार करने की सुविधा दी गई थी। लंबे समय से अस्पतालों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की जा रही थी ताकि अधिकाधिक मरीजों को इसका लाभ मिल सके। अब इस नए निर्णय से पात्रों को अधिक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्रों को मिल सके, इसके लिए शासन लगातार ठोस कदम उठा रहा है। योजना के तहत परिवार के पांच सदस्यों को पांच लाख रुपये की राशि तक के इलाज की सुविधा देने के लिए बीते दिनों जिले के पांच सरकारी व दो निजी अस्पतालों को अनुमति दी गई।
इनमें राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सीएचसी बसखारी, जलालपुर व टांडा के अलावा दो निजी अस्पताल कनक ट्रॉमा अस्पताल अकबरपुर व रामा अस्पताल अकबरपुर शामिल किए गए। दोनों निजी अस्पतालों ने योजना के तहत उपचार शुरू किया लेकिन पूरा भुगतान न मिल पाने से इलाज से किनारा करना शुरू कर दिया। ऐसे में पांच संबंधित सरकारी अस्पतालों में ही मरीजों को इलाज की सुविधा मिल पा रही है।
योजना के तहत और अधिक अस्पतालों को संबद्ध किए जाने की मांग लगातार मरीजों व तीमारदारों द्वारा की जा रही थी। ऐसा इसलिए ताकि बिना ज्यादा भागदौड़ के नजदीकी अस्पतालों में ही इलाज की सुविधा मिल सके।
इस बीच योजना का अधिक से अधिक पात्रों को लाभ मिल सके, इसके लिए शासन ने सात नए अस्पतालों में योजना का संचालन करने की घोषणा की। इसमें छह सरकारी व एक निजी अस्पताल शामिल हैं। जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मुकुल त्रिपाठी ने बताया कि मरीजों को योजना के तहत इलाज के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े, इसके लिए अब इसका लाभ सीएचसी जहांगीरगंज, पीएचसी रामनगर, सीएचसी कटेहरी, सीएचसी भीटी, संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर व सीएचसी नगपुर के साथ ही एक निजी अस्पताल साकेत मेडिकल सेंटर अकबरपुर में भी मरीज उठा सकेंगे।
योजना का संचालन सुचारु रूप से हो सके, इसके लिए चयनित सरकारी अस्पतालों में आईटी किट के लिए जरूरी राशि भी उपलब्ध करा दी गई है। बताया कि योजना के सुचारु संचालन के लिए आयुष्मान मित्र को ट्रेनिंग दिए जाने का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। शीघ्र ही नए चयनित अस्पतालों में योजना का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
आयुष्मान भारत के जिला नोडल अधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत छह सरकारी व एक निजी अस्पताल का चयन किया गया है। सभी औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित अस्पतालों को योजना के संचालन की अनुमति भी प्रदान कर दी गई है। शीघ्र ही संबंधित अस्पतालों में योजना का संचालन प्रारंभ हो जाएगा।