जलालपुर। मां के साथ अभद्रता किए जाने से आक्रोशित किशोर ने ईंट से कूंचकर युवक की हत्या कर दी। शनिवार रात सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ेपुर के पुरवा ममरखापुर दलित बस्ती में हुई घटना से हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद किशोर मौके से भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी हासिल की। पुलिस किशोर की मां को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस से की गई शिकायत के अनुसार शनिवार देर रात सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटघरमूसा निवासी संग्राम (38) पुत्र जगन्नाथ बड़ेपुर के पुरवा निवासी इसरावती के घर पहुंचा। नशे में धुत संग्राम इसरावती के साथ अभद्रता करने लगा। आरोप है कि वह उसके साथ मारपीट पर उतारू हो गया। इस पर इसरावती के 17 वर्षीय पुत्र राहुल ने उसका विरोध किया और ऐसा न करने को कहा।
संग्राम जब नहीं माना तो मां के साथ अभद्रता किए जाने से नाराज राहुल ने उससे हाथापाई शुरू कर दी। बताया जाता है कि राहुल उसे घर के बाहर ले गया और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद वहां रखे ईंट से संग्राम के सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। वह तब तक उसके सिर पर प्रहार करता रहा जब तक संग्राम की मौत नहीं हो गई।
घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद राहुल मौके से भाग निकला। भोर में ग्रामीणों की सूचना पर एसओ वकील सिंह यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच एसपी आलोक प्रियदर्शी व सीओ सदर धर्मेंद्र सचान भी घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से जरूरी पूछताछ की।
बताया जाता है कि पुलिस मौके से राहुल की मां इसरावती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकीदार इंद्रजीत यादव की तहरीर पर राहुल के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
इसरावती के पति छोटेलाल का लगभग आठ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। संग्राम लगभग छह वर्ष से इसरावती के घर आता-जाता था। वह मजदूरी करता था। ग्रामीणों के अनुसार वह अक्सर रात में नशे में धुत होकर आता था और इसरावती के साथ अभद्रता करता था। शनिवार रात भी वह नशे में धुत होकर अभद्रता कर रहा था जिससे नाराज होकर राहुल ने घटना को अंजाम दिया।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नाबालिग है। उसकी तलाश की जा रही है।