अंबेडकरनगर। जिले के सभी सीएचसी व पीएचसी में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें 4 हजार 833 मरीजों ने संबंधित सीएचसी व पीएचसी पहुंचकर इलाज कराया। चिकित्सकों की टीम ने न सिर्फ जांच कर इलाज किया बल्कि जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई।
गौरतलब है कि रविवार के अवकाश में मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े, इसके लिए शासन ने सभी सीएचसी व पीएचसी पर प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के आयोजन का निर्देश दे रखा है। इसका मरीजों को बढ़-चढ़कर लाभ भी मिल रहा है। इसी क्रम में रविवार को अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ।
सीडीपीओ शेषनाथ वर्मा ने बताया कि मेले में कुल 65 मरीजों ने इलाज के लिए पंजीकरण कराया। डॉ. रचना सिंह, डॉ. उमेश व डॉ. रोहित की टीम ने न सिर्फ मरीजों की जांच के बाद इलाज किया बल्कि जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराईं। मरीजों व उनके तीमारदारों से अपील की गई कि संक्रामक रोगों के प्रति वे जागरूक रहें। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ ही अधपका भोजन कतई न करें। जागरूकता के आधार पर ही रोगों से बचा जा सकता है।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार जलालपुर महिला अस्पताल समेत बंदीपुुर, बड़ेपुर, रफीगंज, न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 558 मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही उन्हें जरूरी दवाएं भी दी गईं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रामपाल यादव, आयुष चिकित्सक डॉ. आरपी यादव, डॉ. संजय कुमार सिंह, दंतराग विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार सिंह ने पंजीकृत मरीजों की जांच कर दवाएं उपलब्ध कराई।
कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अशरफपुर बरवां में 122, नसीरपुर में 245, औरंगनगर में 245 मरीजों ने पंजीकरण कराया। न सिर्फ संबंधित मरीजों की जांच की गई बल्कि डॉ. अंकुश वर्मा, डॉ. सुरेश शर्मा, डॉ. जगदीश, डॉ. गायत्री सिंह, डॉ. आरती पाल ने इलाज के बाद दवाएं भी उपलब्ध कराई।
बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेहरा में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में डॉ. मोहम्मद जियाउद्दीन, मुख्य सेविका शिवकुमारी वर्मा ने आने वाले 215 मरीजों की जांच कर उनका इलाज किया। अन्य अस्पतालों में भी इसी तरह का आयोजन किया गया।