अंबेडकरनगर। जलालपुर में अफवाहों एवं खुफिया तंत्र की रिपोर्ट पर प्रशासन शुक्रवार दिनभर विशेष अलर्ट पर रहा। विरोध के नाम पर हिंसा करने वालों पर सख्ती के साथ शिकंजा कसने की तैयारी प्रशासन ने पूरी तरह कर ली थी। सोशल मीडिया पर शुक्रवार की नमाज के बाद प्रदर्शन की खबर वायरल होने के बाद प्रशासन भड़काऊ पोस्ट लिखने वाले एवं शेयर करने वालों की सूची भी तैयार करने में जुट गया। जलालपुर के बुनकर बाहुल्य क्षेत्र पर प्रशासन की विशेष नजर रही। भारी पुलिस बल के साथ सिविल ड्रेस में भी पुलिस टीम तैनात रही।
जलालपुर क्षेत्र के गंगा जमुनी तहजीब हरहाल में कायम रहे इसके लिए एडीएम अमरनाथ राय, एएसपी अवनीश कुमार मिश्र, एसडीएम धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ आरपी राय, प्रभारी निरीक्षक प्रदुम्न कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह आदि ने टीम के साथ नगर में भ्रमण किया। समाज के सभी वर्गों से मिलकर शांति व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया।