अंबेडकरनगर। बेसिक शिक्षा विभाग की दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में जहांगीरगंज ब्लॉक का दबदबा रहा। समापन शुक्रवार को एमएलसी हरिओम पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले का मान राज्य स्तर पर होने वाले खेल में जीत दर्ज कर बढ़ाना है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय बेवाना में आयोजित दो दिवसीय जनपदीय बाल खेल प्रतियोगिता में दूसरे दिन महाप्रबंधक एनटीपीसी से आई निष्ठा सिंह ने टीम का उत्साहवर्धन किया। कहा कि खेल से लोगों की पहचान अन्य देशों तक होती है। ऐसे में सभी अभिभावक को अपने बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाना होगा। बीएसए बीपी सिंह ने भव्य आयोजन के लिए पूरी टीम की सराहना की। कहा कि सभी स्कूलों में खेलों के प्रति रुचि लगातार बनी रहनी चाहिए।
खेल शिक्षक संतोष कुमार ने बताया कि प्राथमिक स्तर की 50 मीटर बालक वर्ग दौड़ में भीटी के अंश कुमार ने जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में कटेहरी की शिवानी ने 50, सौ व दो सौ मीटर में बाजी मारी। 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में बसखारी के आदित्य ने जीत दर्ज की। 400 मीटर दौड़ बालक वर्ग में अकबरपुर के प्रिंस तो बालिका वर्ग में जहांगीरगंज की नंदनी ने जीत हासिल की। लंबी कूद बालक वर्ग में कटेहरी के सनी व बालिका वर्ग में भियांव की आर्या ने जीत दर्ज की।
बालक व बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में जहांगीरगंज के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की। खो-खो में भी जहांगीरगंज की बालिका टीम विजयी हुई। उच्च प्राथमिक स्तर की प्रतियोगिता के 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में जहांगीरगंज के अभय व बालिका वर्ग में कटेहरी की अंजली ने प्रथम स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ बालक वर्ग में बसखारी के विनोद तो बालिका वर्ग में भियांव की प्रज्ञा ने जीत दर्ज की। 400 मीटर दौड़ बालक में अकबरपुर के दुर्गाप्रसाद तो बालिका में जहांगीरगंज की प्रीती ने धाक जमाया। 600 मीटर दौड़ में भियांव के सुमित व बालिका में जहांगीरगंज की आरती प्रथम स्थान पर रहीं। लंबी कूद में जलालपुर के विनय व भीटी की महक पटेल पहले स्थान पर रहीं। गोलाक्षेपण बालक वर्ग में अकबरपुर के दुर्गा प्रसाद व बालिका वर्ग में यहीं की गरिमा ने जीत हासिल की। बालिका वर्ग की कबड्डी भीटी और टांडा के बीच हुई जिसमें भीटी ने जीत दर्ज की। दोनों दिन हुई खेल प्रतियोगिता में जहांगीरगंज ब्लाक ओवरआल चैपियन रहा। दूसरे स्थान पर जलालपुर और तीसरे स्थान पर कटेहरी रहा। इस दौरान खेल शिक्षक मोहम्द हसन, प्रेम प्रकाश, अखिलेश सिंह आदि मौजूद रहे।