आलापुर (अंबेडकरनगर)। विकासखंड रामनगर की ग्राम पंचायत मूसेपुर कला में खड़ंजा निर्माण कार्य में घटिया ईंटों के प्रयोग की पुष्टि होने पर खंड विकास अधिकारी ने ग्राम सचिव से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
अधिवक्ता रामजीवन तिवारी की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी जगन्नाथ चौधरी ने सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) एवं कंसल्टिंग इंजीनियर की संयुक्त टीम से जांच कराई थी।
19 जून को सौंपी गई जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया कि नृपेंद्र प्रताप सिंह के खेत से लेकर हीरा भारत गैस एजेंसी के दक्षिणी छोर तक कुल 237 मीटर खड़ंजे में से मात्र 10 मीटर में एसओवी ईंटों का प्रयोग किया गया, जबकि शेष 227 मीटर में तृतीय श्रेणी की ईंटों का उपयोग हुआ।
खंड विकास अधिकारी ने ग्राम सचिव को प्रेषित पत्र में लिखा है कि यह कार्य शासकीय धन का दुरुपयोग प्रतीत होता है, जो आर्थिक अपराध की श्रेणी में आता है। सचिव से यह भी पूछा गया है कि क्या प्रयुक्त ईंटें उनके स्वामित्व वाले केजी मार्का ईंट भट्ठे से संबंधित हैं।
संबंधित कार्य की समस्त पत्रावली एवं स्पष्टीकरण दो कार्यदिवसों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा की स्थिति में विधिक कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।