अंबेडकरनगर। पुलिस हिरासत में हुई आजमगढ़ जनपद निवासी जियाउद्दीन की मौत के मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। साथ ही परिवार को शासन की तरफ से 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। यह मांग शनिवार को जियाउद्दीन के परिवारीजनों से मिलने उनके गांव पवई थाना अंतर्गत हाजीपुर पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने की।
कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश चेयरमैन शहनवाज आलम के निर्देश पर वाइस चेयरमैन अख्तर मलिक के नेतृत्व में सोशल मीडिया सेल प्रदेश महासचिव रेहान जैदी, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकुमार पाल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी व प्रदेश सचिव सिकंदर इकबाल आदि ने जियाउद्दीन के परिवारीजनों से मुलाकात की।
जिला मुख्यालय लौटकर आए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवक की मौत स्पष्ट रूप से पुलिस की बर्बरता के चलते हुई है। सिर्फ लूट के आरोपी के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए जिस तरह की बर्बरता पुलिस ने की है, वह समझ से परे है। पुलिस ने ऐसा क्यों किया या किसके इशारे पर किया। इसकी जांच होना जरूरी है। ऐसे में पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए।