भीटी थाना क्षेत्र के चंदापुर रामबाबा निवासिनी श्याम देवी ने अधिवक्ता संतोष कुमार विश्वकर्मा के माध्यम से बीते दिनों जिला उपभोक्ता विवाद परितोश फोरम में एक वाद दायर किया। बताया कि वह बीते दिनों अपने परिवार के साथ एक कार से यात्रा कर रही थीं। इसमें चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे।
इसमें 3 वर्ष व 5 वर्ष के दो बच्चे भी शामिल थे। अचानक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उनके कार का बीमा था। इस आधार पर उन्होंने नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड शाखा कार्यालय शाखा प्रबंधक से बीमा का लाभ दिलाने की मांग की।
बीमा कंपनी के शाखा प्रबंधक ने यह तर्क देकर बीमा का लाभ दिलाने में असमर्थता जता दिया कि कार में क्षमता से अधिक सवारी बैठी थी। कार की क्षमता 6 लोगों की हैं। इस पर उन्होंने न्यायालय का शरण लिया। अधिवक्ता श्री विश्वकर्मा ने बताया कि मामला फोरम अध्यक्ष विजय प्रकाश मिश्र के समक्ष उठाया गया।
अधिवक्ता ने बच्चों की उम्र का तर्क दिया कि बच्चे काफी छोटे थे। ऐसे में वह सवारी की श्रेणी में नहीं आते। अध्यक्ष ने अधिवक्ता के तर्क पर सहमति जतायी। बीमा कंपनी को निर्देशित किया कि परिवादी को बीमा पॉलिसी का एक लाख रुपए 6 प्रतिशत ब्याज सहित आदेश के 45 दिन के अंदर मुहैया कराए।
साथ ही परिवादी विपक्षी से हुई मानसिक पीड़ा एवं शारीरिक कष्ट के रूप में पाच हजार तथा परिवाद व्यय के रूप में दो हजार रुपए पाने का भी हकदार है। ऐसे में बगैर विलंब किए यह भुगतान सुनिश्चित किया जाए।