श्रवण क्षेत्र। राजकीय पॉलिटेक्निक बैजपुर भीटी में मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन अपराजिता 100 मिलियन स्माइल मुहिम के तहत बालिका स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाना है। इस दौरान चिकित्सकों ने छात्राओं की आंखों, दांतों और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सीख दी।
डॉ. महबूब आलम ने छात्राओं को बढ़ती उम्र के साथ शरीर में होने वाले बदलावों, हार्मोंस परिवर्तन और इनसे जुड़ी बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य के लिए फास्ट फूड से बचने और सुबह कुछ खाकर या दूध पीकर विद्यालय आने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सही खानपान से ही स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और छात्राएं मजबूत बनेंगी। उन्होंने नियमित व्यायाम करने और खानपान में लापरवाही न बरतने पर जोर दिया। मौसम परिवर्तन के समय अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई। किसी भी बीमारी को छिपाने के बजाय, समय पर उसका उपचार कराना जरूरी है। छात्राओं ने आंखों, दांतों, स्वास्थ्य व व्यक्तिगत समस्याओं को लेकर चिकित्सकों से प्रश्न पूछे। इस कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार, अर्चना सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट-
कार्यक्रम की सराहना
पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य एसके बसंत ने कहा कि बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के लिए यह एक अच्छा कदम है। प्रधानाचार्य ने अपराजिता अभियान को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इससे छात्राएं खुलकर अपनी बात रख पाती हैं। इस दौरान अपर्णा चौधरी, सोनालिका मौर्या और उपस्थित रहे।
इनसेट-
छात्राओं को दिया स्वास्थ्य परामर्श
सीएचओ गरिमा कमल ने व्यक्तिगत स्वच्छता में लापरवाही और बीमारियों को छिपाने के खतरों के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित किया कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर शर्मिंदा न हों बल्कि खुलकर बात करें। कई छात्राओं ने समय पर मासिक चक्र न होना, कमजोरी और उल्टी जैसी कई व्यक्तिगत समस्याएं साझा कीं।