भीटी। एसडीएम देवी दयाल वर्मा ने बुधवार को ग्राम पंचायत खजुरी स्थित धान क्रय केंद्र का जायजा लिया। केंद्र पर धान खरीद शुरू न होने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके अलावा नमी मापक यंत्र, किसानों के उठने बैठने की व्यवस्था व पेयजल आदि की भी व्यवस्था सुचारु नहीं मिली। एसडीएम ने केंद्र सचिव के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डीएम व संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है।
यूपी कोआपरेटिव पीसीएफ द्वारा संचालित खजुरी धान क्रय केंद्र का बुधवार को एसडीएम भीटी देवी दयाल वर्मा ने निरीक्षण किया। यहां मिले केंद्र सचिव शिवपूजन वर्मा से जानकारी के बाद पता चला कि अभी तक इस केंद्र पर खरीद कार्य ही शुरू नहीं हो सका है। एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके अलावा क्रय केंद्र पर विनोइंग फैन, नमी मापक यंत्र के अलावा किसानों के उठने बैठने की व्यवस्था तथा पेयजल आदि व्यवस्था भी बदहाल दिखी।
केंद्र पर खरीद कार्य शुरू न होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज अन्य केंद्रों पर ले जाने की मजबूरी बनी हुई है। ऐसे में उन्हें लंबी दूरी तय करने के साथ साथ वाहन आदि का अतिरिक्त भाड़ा भी वहन करना पड़ रहा है। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पता चला कि अभी केंद्र पर खरीद कार्य शुरू नहीं हो सकी है। इसके अलावा अन्य व्यवस्थाएं भी ठीक नहीं मिली।
समिति सचिव शिवपूजन वर्मा के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डीएम को अवगत कराते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। बताया कि अन्य धान क्रय केंद्रों पर यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई तय की जाएगी।