अंबेडकरनगर। बसखारी के न्योरी में आयोजित दस दिवसीय अंबेडकरनगर प्रीमियर लीग राज्य स्तरीय लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को फाइनल मुकाबला हुआ। इनोवेशन क्रिकेट क्लब आजमगढ़ 56 रन से एआरसी स्पोर्ट्स टांडा को शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इनोवेशन क्रिकेट क्लब ने 20 ओवर में 212 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एआरसी स्पोर्ट्स टीम 156 रन पर सिमट गई। मैच में राज सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 35 गेंदों में 63 रन बनाए और 4 विकेट भी लिए। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अब्दुल कासिफ को मैन ऑफ द सीरीज से सम्मानित किया गया। समापन समारोह में ब्लॉक प्रमुख विकास यादव और मुदस्सिर खालिद फारुखी मुख्य अतिथि रहे। विजेता टीम को 60 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 40 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। टूर्नामेंट में अंपायर की भूमिका अभिमन्यु शर्मा (कानपुर) और राघवेंद्र सिंह (जलालपुर) ने निभाई, जबकि मैच संचालन मोहसिन फारुखी ने किया। इस अवसर पर प्रधान अबुजर फारुखी, बंटी तिवारी, अब्दुल माबूद फारुखी और डॉ. आसिम फारुखी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।