स्थानीय थाना क्षेत्र के सतरही गांव निवासी राजितराम के तीन वर्षीय पुत्र शिवराज को घर के सामने खेलते समय सांप ने डस लिया। बसखारी के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में रोना-पिटना मचा हुआ है। उधर, जिला पंचायत सदस्य प्रद्युम्न यादव ने निजी चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
कहा कि यदि सही ढंग से उपचार किया गया होता तो बच्चे की जान बच सकती थी। थाना क्षेत्र के सतरही गांव निवासी राजितराम का तीन वर्षीय पुत्र शिवराज रविवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच वह जोर से रोने लगा।
परिवारीजनों ने उसके पास से सांप जाते देखा तो वे सन्न रह गए। उसके हाथ से खून भी निकल रहा था। आनन-फानन में उसे लेकर बसखारी के एक निजी अस्पताल पहुंचे। बताया जाता है कि वहां उपचार के दौरान ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। इससे परिवारीजनों में रोना-पिटना मच गया।
घटना से लोगों में काफी आक्रोश का माहौल है। जिला पंचायत सदस्य प्रद्युम्न यादव ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कहा कि चिकित्सक की लापरवाही के चलते बच्चे की मौत हो गई। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सर्पदंश या फिर अन्य किसी भी प्रकार की दिक्कत हो तो वे तत्काल रामनगर सीएचसी में संपर्क करें।