अंबेडकरनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के संविदा चिकित्सक द्वारा प्रदेश के डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को लेकर की गयी अभद्र टिप्पणी से बवाल मचा है। इस पूरे मामले का वीडियो वायरल होने के बाद मेडिकल कालेज प्रशासन आरोपी संविदा चिकित्सक को बर्खास्त करने की तैयारी में जुट गया है। इतना ही नहीं आरोपी चिकित्सक द्वारा बिना रजिस्ट्रेेशन संचालित किये जा रहे एमकेडी हॉस्पिटल को भी सील कर दिया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले को तूल पकड़ता देख आरोपी डॉक्टर ने अपने निजी अस्पताल में भर्ती मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर वहां ताला डाल दिया। तैनात कर्मचारी भी कार्रवाई के डर से निकल भागे। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल पर नोटिस चस्पा कर दो दिन में इसके पंजीयन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी है। मंगलवार को अकबरपुर टांडा मार्ग स्थित रगड़गंज बाजार में संचालित एमकेडी हॉस्पिटल का एक वीडियो वायरल हुआ।
इसमें मौजूद चिकित्सक अवनीश कुमार भर्ती मरीज के तीमारदारों से अभद्रता कर मेज पर हाथ पीटते हुये प्रदेश के डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करता भी दिखता है। बताया जाता है कि सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर तहसील अंतर्गत उदयपुर सकरवारी निवासी दीपेंद्र वर्मा को परिजनों ने सिर में चोट लगने के बाद एमकेडी अस्पताल में भर्ती कराया था। लगभग 19 घंटे तक भर्ती रहने के दौरान दस हजार रुपया जमा कराने के लिए कहा गया। तीमारदारों ने जब इसका बिल मांगा और न देने पर एतराज जताया तो मौजूद चिकित्सक अवनीश कुमार अभद्रता पर उतारू हो अपशब्द करने लगा।
हरकत में प्रशासन, बर्खास्तगी की संस्तुति
वायरल वीडियो में मामला सीधे डिप्टी सीएम से जुड़ा होने के कारण प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। जांच पड़ताल में सामने आया कि अभद्र टिप्पणी का आरोपी चिकित्सक वर्तमान में राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में बतौर संविदा चिकित्सक भी कार्यरत है। साथ ही वह अपना निजी अस्पताल भी चला रहा है। सीएमओ ने इस मामले में आरोपी संविदा चिकित्सक डॉ. अवनीश कुमार को सेवा से बर्खास्त किए जाने की संस्तुति मेडिकल कॉलेज प्राचार्य से की है। जांच में यह भी पता चला कि जिस निजी अस्पताल का संचालन आरोपी चिकित्सक द्वारा किया जा रहा था, उसका रजिस्ट्रेेशन भी नहीं है। इस पर संबंधित अस्पताल को सील कराने की कार्रवाई भी की गयी।