शनिवार को महरुआ बाजार में खाद्य पदार्थों की जांच करते विभाग के अधिकारी। विभाग
अंबेडकरनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से चलाए गए दिवसीय अभियान में जहांगीरगंज सहित आठ स्थानों पर 61 खाद्य दुकानों से 102 नमूनों की जांच की गई। जांच में विभिन्न खाद्य पदार्थों के13 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे।
मोबाइल प्रयोगशाला वैन के माध्यम से की गई जांच में बेसन लड्डू और सोन पापड़ी सहित छह नमूने खाद्य रंग की अधिक मात्रा के कारण फेल हो गए। इसके अलावा मिठाइयों के तीन नमूने स्टार्च मिलाने और मसालों के चार नमूने भी मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को नमूनों में पाई गई कमियों के बारे में जागरूक किया और सुधार लाने के लिए निर्देश दिए। इसके अलावा दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान लगभग 235 खाद्य कारोबारियों और लोगों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच की घरेलू विधियों के बारे में बताया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सहायक श्रवण त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिवसीय अभियान के तहत जहांगीरगंज, आलापुर, पहितीपुर, महरूआ चौराहा, चनवा चौराहा, रामपुर सकरवारी, बेवाना और रसूलपुर दियरा में जांच की गई। अभियान का संचालन खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओम प्रकाश, नसीम खान, दिनेश कुमार राय, चंद्र प्रकाश यादव, संतोष कुमार वर्मा और फूड एनालिस्ट रंजना वर्मा ने किया।